बिलासपुर:सीपत। सार्वजनिक संस्थानों में खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री हिमांशु जैन ने शनिवार को एनटीपीसी सीपत में अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। यह कार्यक्रम निवारक सतर्कता पर तीन माह के अभियान के तहत आयोजित किया गया।

“सार्वजनिक खरीद : रूपरेखा, प्रक्रिया एवं सत्यनिष्ठा संबंधी सुरक्षा उपाय” विषय पर आयोजित सत्र में श्री जैन ने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, नियमों के पालन और सतर्कता मानकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेहतर खरीद व्यवस्था के लिए सही योजना, निर्धारित प्रक्रिया का पालन और प्रभावी निगरानी बेहद आवश्यक है।
सत्र में सार्वजनिक खरीद की शुरुआत से लेकर अंतिम चरण तक की प्रक्रिया, विभिन्न चयन पद्धतियों, नीतिगत प्रावधानों, अनुबंध प्रबंधन तथा खरीद प्रक्रिया में अपनाए जाने वाले सतर्कता उपायों पर चर्चा हुई। साथ ही डिजिटल माध्यमों से होने वाली खरीद प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन और अनुपालन व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें श्री विजय शंकर दुबे, मुख्य महाप्रबंधक (हेड ऑफ प्रोजेक्ट), एनटीपीसी सीपत; श्री सुरोजित सिन्हा, महाप्रबंधक (ओ एंड एम); श्री अशोक सरकार, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं एफएम); श्री लिंगम वेंकट रेड्डी, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस); डॉ. बैंकिम सामद्दार, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन); श्री संजय प्रसाद दुबे, महाप्रबंधक (सतर्कता), एसईसीएल; श्री कुंदन राठौर, सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता); एवं श्री प्रवीण रंजन भारती, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क/राजभाषा), एनटीपीसी सीपत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर भी विचार-विमर्श किया। एसईसीएल द्वारा आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य संस्थानों में पारदर्शी कार्य संस्कृति, नैतिक कार्यप्रणाली और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
