बिलासपुर। मधुबन मुक्तिधाम के पास अटल आवास क्षेत्र में नदी किनारे नारियल उठाने और नहाने गए दो बच्चे नदी में लापता हो गए। लापता बच्चों की पहचान अयान अंसारी (12 वर्ष) और इमरेज (16 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और मौके पर बचाव दल के साथ बड़ी संख्या में लोग जुट गए।बताया गया कि एसडीआरएफ की टीम करीब पांच घंटे तक नदी में बच्चों की तलाश करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

इसी दौरान वार्ड क्रमांक 50 के पार्षद जय वाधवानी के छोटे भाई लखन वाधवानी को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बिना देर किए अपने 5–6 साथियों के साथ घटनास्थल का रुख किया और अपनी टीम को बच्चों की तलाश में लगा दिया।लखन वाधवानी और उनके साथियों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की।

लगातार प्रयास के बाद टीम को एक बच्चे को नदी से बाहर निकालने में सफलता मिली, अंधेरा होने की वजह से लखन और उसकी टीम राम,प्रमोद केवट,नर्मदा केवट,धनंजय केवट,आदित्य केवट और भोलू केवट
घटना स्थल से चले गए,हालांकि तब तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरे बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम अब भी नदी में जुटी हुई है।

घटना के बाद लखन वाधवानी ने कहा कि उन्हें और उनकी टीम को सबसे ज्यादा खुशी तब होती, जब बच्चे को जीवित और सुरक्षित बाहर निकाला जा सकता। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने में हुई देरी के कारण एक बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी, जिसका उन्हें बेहद दुख है। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इसके बाद अपनी टीम के साथ वापस लौट गए।

लखन वाधवानी स्थानीय स्तर पर जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए सक्रिय रहे हैं। इस घटना में भी सूचना मिलते ही अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर उन्होंने बचाव प्रयास में सहयोग किया। फिलहाल दूसरे लापता बच्चे की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार जुटी हुई है।
ताजा अपडेट : लगातार 7 घंटे की मशक्कत के बाद जिस एक बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया है उसकी सांसे चल रही थी।अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
