बिलासपुर। शासकीय कार्य में बाधा, अनधिकृत अनुपस्थिति और अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ा एक्शन लेते हुए शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी, विकासखंड कोटा में पदस्थ सहायक शिक्षक अभिमन्यु मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, जांच के दौरान शिक्षक के बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित रहने की बात सामने आई। वहीं 7 सितंबर 2026 को शराब सेवन कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोटा पहुंचने और अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत भी सामने आई।
शिक्षक का यह कृत्य शासकीय सेवा आचरण नियमों के विपरीत पाए जाने पर विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि में अभिमन्यु मरकाम का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, तखतपुर निर्धारित किया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
