बिलासपुर:बिल्हा थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों में अवैध रूप से अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को जब्त कर वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक वाहनों में अतिरिक्त एंगल लगे होने से सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पेट्रोलिंग के दौरान हाईवे रोड बिल्हा पर रोहित साहू के माजदा वाहन क्रमांक सीजी 10 एएफ 5072 और बिल्हा मेन रोड पर चैनदास मानिकपुरी के माजदा वाहन क्रमांक सीजी 10 सीई 3303 की जांच की गई। दोनों वाहनों में डीजे लोड करने के लिए दाएं, बाएं और ऊपर की ओर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे।
पुलिस ने दोनों वाहनों को धारा 130(3)/177, 194(1)(ए) मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन में पाए जाने पर पंचनामा तैयार कर धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया। मामले में रोहित साहू निवासी खरकेना और चैनदास मानिकपुरी निवासी बिल्हा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाली ऐसी गतिविधियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
