रायगढ़, 25 सितंबर 2026। ढाबा संचालक से मारपीट और अशोभनीय आचरण की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण के मामले में रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।

मामला 23 सितंबर की रात का बताया जा रहा है। बिहारी ढाबा के संचालक मोंटू गुप्ता ने आरोप लगाया कि थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिसकर्मी ढाबे पर पहुंचे और विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई। मामले को लेकर संचालक ने 24 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसएसपी शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत दी थी।

शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। प्रारंभिक परीक्षण में पुलिसकर्मियों के आचरण और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी ने धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
