रायगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय राशन के कथित गबन के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर और नमक की बड़ी मात्रा में कमी सामने आने के बाद दर्ज प्रकरण में विक्रेता बिहारी राठिया को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
खाद्य विभाग की 3 सितंबर 2026 को हुई जांच में ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया था। इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये बताई गई है। जांच में अगस्त माह के दौरान हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई थी।
मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026, धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। उमाबाई और माधुरी बाई को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी थी, जबकि बिहारी राठिया फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश में चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था। 22 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी धरमजयगढ़ से बस में सवार होकर अपने गांव आ रहा है। पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक, रैरूमाखुर्द के पास उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने फरवरी से अगस्त 2026 तक उचित मूल्य दुकान में चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चार रजिस्टर भी जब्त किए गए।
आरोपी बिहारी राठिया (32), निवासी ससकोबा जूनापारा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
