बिलासपुर में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने के उद्देश्य से हॉकी एसोसिएशन द्वारा हॉकी प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। लीग की लॉन्चिंग सेरेमनी के अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर प्रतियोगिता की जानकारी साझा की।

हॉकी प्रीमियर लीग का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक होगा, जिसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं हॉकी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को आकर्षक स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों और टीमों के उत्साहवर्धन के लिए नगद पुरस्कार समेत विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क पर विशेष जोर रहेगा।

हॉकी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लीग का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि बिलासपुर में हॉकी गतिविधियों को मजबूत करना और नई प्रतिभाओं को आगे आने का मंच देना है। उन्होंने हॉकी प्रेमियों और शहरवासियों से मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
