बिलासपुर। गांव में हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले निगरानी बदमाश पर सीपत पुलिस ने शिकंजा कसते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सत्यनारायण सूर्यवंशी (36) पिता विश्वनाथ सूर्यवंशी, निवासी ग्राम गुड़ी, थाना सीपत है। आरोपी गांव में खुलेआम धारदार तलवार लहराते हुए लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलने पर सीपत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा और तलवार बरामद की।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बदमाशों तथा गुंडा तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
