बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मयंक उपाध्याय (21) निवासी सैदा और हर्ष वैष्णव उर्फ अवि (19) निवासी दीनदयाल कॉलोनी सैदा के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, योगेन्द्र कुमार ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 सितंबर की शाम करीब 7 बजे काम से लौटने के बाद उसने अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 ईएन 8728 घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे उठने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली, जिसके बाद सकरी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से दो संदिग्ध युवकों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस ने मयंक उपाध्याय और हर्ष वैष्णव उर्फ अवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के बताए अनुसार मयंक उपाध्याय के कब्जे से करीब 12 हजार रुपये कीमत की चोरी की गई प्लेटिना बाइक बरामद कर जब्त की गई।
मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर दोनों को 22 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। कार्रवाई में सकरी थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
