रायपुर। नवा रायपुर में बुधवार शाम मंत्रालय से छुट्टी के बाद घर लौट रहे कर्मचारियों की बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में मंत्रालय के कर्मचारी सवार थे। रास्ते में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, हालांकि चालक की सूझबूझ से सभी कर्मचारियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर बस क्रमांक 3073 बुधवार शाम रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और उसमें सवार कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कर्मचारियों के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी बस धू-धूकर जलने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बस में आग किस वजह से लगी, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
