जांजगीर-चांपा। जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कुल 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी वरुण सोमानी ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने ग्राम पोड़ीकला स्थित 22 खसरों की 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था। पूरी रकम लेने के बाद 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी कराया गया। इसके बाद आरोपी ने इसी जमीन के 9 खसरों की 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर रजिस्ट्री करा दी, जबकि शेष जमीन की रजिस्ट्री के लिए लगातार टालमटोल करता रहा।
मामले की जांच में सामने आया कि उक्त जमीन बैंक में बंधक थी। इतना ही नहीं, आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त और विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये लिए थे। बाद में यह संपत्ति भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इस तरह आरोपी पर जमीन और मकान के सौदे में कुल 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
शिकायत पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ का योगदान रहा।
