बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। शहर में स्टंटबाजी कर वीडियो और रील बनाकर इंटरनेट माध्यमों पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
मामला 20 सितंबर का है। जेल रोड पर दोपहर करीब 4 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AL 2395 पर एक युवक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू की।
पुलिस ने मंगलवार को रतनपुर क्षेत्र के परसौड़ी-परसदा में आरोपी महेन्द्र कुमार साहू पिता चैतराम साहू, उम्र 40 वर्ष को पकड़ा। वायरल वीडियो दिखाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को जानकारी देने में आनाकानी की, लेकिन पूछताछ में उसने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्टंटबाजी करने और उसका वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 281 एवं 184 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर रील बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
