बिलासपुर शहर में बदहाल सड़कों और लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जगह-जगह सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्टेट टीवी इंडिया से बातचीत में अपनी बात रखी।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाने चाहिए।

शहर की कई प्रमुख सड़कों पर गड्ढे, अधूरे निर्माण और निर्माण सामग्री के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क की स्थिति और खराब होने से लोगों की परेशानी बढ़ी है। ऐसे में प्रशासन के सामने सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की चुनौती है।

कलेक्टर के बयान के बाद अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग और निर्माण एजेंसियां जमीन पर कितनी तेजी से काम करती हैं। जनता को उम्मीद है कि प्रशासन के निर्देशों के बाद बिलासपुर की बदहाल सड़कों और कछुआ चाल से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर जल्द ठोस सुधार दिखाई देगा।
