बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े ₹18 करोड़ 67 लाख 2 हजार के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलापूजन किया गया। ग्राम पंचायत डंगनिया, खैरा (ड), बसहा, लिम्हा और कोरबी में आयोजित कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि रहे।

डंगनिया में 2.70 किलोमीटर सड़क के लिए ₹249.85 लाख, बसहा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹142.93 लाख और बसहा से नवाडीह कड़री तक 0.80 किलोमीटर सड़क के लिए ₹75.69 लाख की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। खैरा (ड) में उपस्वास्थ्य केंद्र, बालिका शौचालय, सामुदायिक भवन, सीसी रोड सहित अन्य कार्यों के लिए ₹75.91 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ।

लिम्हा में खोंधरा मेन रोड से पटपरी तक 10.10 किलोमीटर सड़क के लिए ₹10.25 करोड़ की बड़ी परियोजना का शिलापूजन किया गया। वहीं कोरबी में ₹373.20 लाख के विभिन्न विकास कार्यों तथा कोरबी से हरदीपारा तक 3.90 किलोमीटर सड़क के लिए ₹349.52 लाख की परियोजना का शुभारंभ हुआ। इन कार्यों में सड़क के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सामुदायिक भवन, शौचालय, मुक्तिधाम, मंच और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नई सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान होगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, जिला पंचायत सभापति अनुसुईया जागेंद्र कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
