बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के सामने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। स्कूल भवन, मोबाइल नेटवर्क, बिजली व्यवस्था, लंबित भुगतान, बारिश से क्षतिग्रस्त मकान और निराश्रित पेंशन जैसे मामलों को लेकर लोगों ने आवेदन सौंपे।

अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत बछालीखुर्द के सरपंच ने डबरीपारा स्थित प्राथमिक शाला के लिए नए भवन और मोबाइल टावर की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन जर्जर होने के कारण बच्चों को करीब एक किलोमीटर दूर कृषि भवन में पढ़ने जाना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से शासकीय कार्यों के साथ वीबी-जीरामजी के तहत मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी में भी परेशानी हो रही है।

लाखासार आवास मोहल्ले के रहवासियों ने बढ़ती आबादी के बीच 25 केवी के पुराने ट्रांसफार्मर के बार-बार ओवरलोड होकर बंद होने की समस्या बताई। उन्होंने 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। वहीं तखतपुर क्षेत्र से धजाराम पटेल ने ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण कार्य की लंबित राशि के भुगतान की मांग रखी। पचपेड़ी निवासी श्यामलाल ने बारिश में क्षतिग्रस्त हुए मकान की मरम्मत के लिए सहायता राशि दिलाने का आग्रह किया।
जनदर्शन में सकरी स्थित वन विभाग के शासकीय डिपो में पिछले दस वर्षों से सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत बलराम यादव ने 13 माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या बताई। उन्होंने लंबित पारिश्रमिक का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भरारी (भुण्डा) की महिलाओं ने भी लंबे समय से रुकी निराश्रित पेंशन शुरू कराने की मांग रखी।
जनदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
