बिलासपुर:सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से अपोलो अस्पताल द्वारा प्रार्थना सभाकक्ष में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के लिए आयोजित इस शिविर में 257 लोगों ने पंजीयन कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया।

शिविर में 82 लोगों की विशेष लीवर जांच की गई, जबकि 72 लोगों की सर्वाइकल कैंसर जांच हुई। वहीं 68 लोगों ने ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए पंजीयन कराया, जिनकी अपोलो अस्पताल में निःशुल्क जांच की जाएगी।

संभागायुक्त सुनील जैन ने कहा कि अपोलो अस्पताल सामाजिक गतिविधियों में लगातार सहभागी रहा है। उन्होंने लोगों से वर्ष में कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संतुलित खान-पान और बेहतर दैनिक दिनचर्या को स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया।
शिविर में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। अपोलो अस्पताल के प्रबंधक अजय जाड़े ने बताया कि 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर वॉकथान आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल होंगे।
