रायगढ़, 22 सितंबर। रायगढ़ पुलिस की कोतरारोड़ पुलिस ने जुलाई में लापता हुई 18 वर्षीय युवती को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने युवती को अपने साथ ले जाने के आरोपी विजय सिदार (20) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के पुराने मामले में लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था।
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 में 17 साल 6 माह की बालिका ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि विजय उसे मोबाइल पर परेशान करता था, स्कूल आते-जाते पीछा करता था और घर के पीछे ले जाकर डराने-धमकाने के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 64 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था।
इसी बीच बालिका के बालिग होने के बाद 17 सितंबर को वह घर से बिना बताए चली गई, जिस पर परिजनों ने 18 सितंबर को गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई। पूछताछ में परिजनों और सहेलियों ने विजय पर संदेह जताया। पुलिस ने पहले जम्मू में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मुखबिर से आरोपी के तमिलनाडु के तिरुपुर जिले में कपड़ा कारखाने में काम करने की जानकारी मिली।
कोतरारोड़ पुलिस टीम ने तमिलनाडु पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी विजय सिदार को युवती के साथ पकड़ लिया। युवती को सकुशल दस्तयाब कर उसका कथन कराया गया, जिसमें उसने आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। आरोपी को पुराने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल और आरक्षक चंद्रेश पांडे की अहम भूमिका रही।
