बिलासपुर:कोटा पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान संतोष उर्फ भुरवा मरकाम (32), निवासी ग्राम जाली, थाना रतनपुर के रूप में हुई है। मामला अपराध क्रमांक 685/2026 में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को सूदनपारा, कोटा में गांजा बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हीरो नेताम को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से करीब 1 किलो गांजा, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई, बरामद किया गया था।
मामले की आगे की जांच में गिरफ्तार आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस को संतोष उर्फ भुरवा मरकाम के गांजा सप्लाई से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, आरक्षक सत्य प्रकाश यादव और आरक्षक नंद कुमार यादव की विशेष भूमिका रही।
