बिलासपुर। कोटा थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया एक वीवो मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को राकेश विश्वकर्मा मोटरसाइकिल से ग्राम मंझगांव से कोटा आ रहे थे। इसी दौरान लालपुर मोड़ के पास दो युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया। शिकायत पर कोटा पुलिस ने अपराध क्रमांक 799/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने श्याम लाल ध्रुव (27), निवासी बोईरखोली कोटा और रुपेश कुमार (24), निवासी पोंडी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल बरामद किया। कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
इधर, यातायात जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 9 लोगों पर धारा 129/194 मोटर वाहन अधिनियम तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 13 लोगों पर धारा 122/177 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
