बिलासपुर। विधान सभा बेलतरा वार्ड क्र. 53 में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की रोजमर्रा की मुश्किलों को आसान बनाने की दिशा में में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री दिव्याशा-वयोश्री केंद्र (पीएमडीवीके) बिलासपुर एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों तथा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को व्हीलचेयर, सुनने की मशीन, कमर बेल्ट, घुटने के बेल्ट सहित अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों के जरिए चलने-फिरने, सुनने तथा दैनिक गतिविधियों में आने वाली परेशानियों को कम करने का प्रयास किया गया।

आयोजकों के अनुसार, ऐसे वितरण कार्यक्रमों का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों तक उनकी जरूरत के उपकरण सीधे पहुंचाना है, ताकि वे दैनिक जीवन में अधिक सुविधा और आत्मनिर्भरता के साथ अपनी गतिविधियां कर सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मुशर्रफ खान, पार्षद जय वाधवानी, हरिओम कश्यप, शैलेश देवांगन और रेखा सूर्यवंशी सहित मितानिन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराए जाने से उनके दैनिक जीवन में राहत की उम्मीद जताई गई।
