बिलासपुर। मंगल वार्ड क्रमांक 13 स्थित पटवारी तालाब में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया।

मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के हुलिए और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

शहर में इन दिनों भगवान गणेश और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विसर्जन चल रहा है। ऐसे में पुलिस को प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि विसर्जन के दौरान किसी हादसे में व्यक्ति तालाब में डूबा हो सकता है। हालांकि यह फिलहाल पुलिस की आशंका है और मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगी।
सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
