बिलासपुर। टिकरापारा के यादव मोहल्ले में मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद धारदार चाकू से हमला कर उसे जान से मारने की धमकी दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी हिमांशु कश्यप उम्र 22 वर्ष निवासी टिकरापारा यादव मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह आरोपी से मोबाइल लेकर बात कर रहा था। काफी देर तक बात करने से नाराज आरोपी दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ा और टिकरापारा स्थित संतोष पान ठेले के पास चाकू से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु के बाएं हाथ में चोट आई।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 536/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप पिता कांशी कश्यप, उम्र 21 वर्ष को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
