रायगढ़ में प्लांटकर्मी से मारपीट कर 1500 रुपये लूटने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम बरामद की गई है। वारदात ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात प्लांटकर्मी बबलू चौहान रेलवे स्टेशन से ट्रेन की जानकारी लेने पहुंचा था। रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह तुलसी होटल के सामने सड़क पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और पैसों की मांग को लेकर उससे विवाद करने लगे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और एक नाबालिग ने ब्लेड से चोट पहुंचाकर उसकी जेब में रखे 1500 रुपये छीन लिए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रार्थी से आरोपियों का हुलिया जाना और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने शनि वैष्णव समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये, एक विधि से संघर्षरत बालक से 500 रुपये और दूसरे के कब्जे से घटना में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया। पुलिस के अनुसार शनि वैष्णव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। तीनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
