रायगढ़ में 12 वर्षीय नाबालिग से अश्लील इशारे करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 35 वर्षीय युवक भोलेनाथ कलेत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात नाबालिग अपनी मां के कहने पर किराना दुकान से सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकान संचालक ने उसके साथ अश्लील इशारे किए, जिसके बाद बच्ची डरकर रोते हुए घर लौट आई और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 519/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 और पोक्सो एक्ट की धारा 12 में अपराध दर्ज किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई महिलाओं और नाबालिगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
