बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ACETAMINOPHEN PROXYCO CAPSULES के 240 नग और 80 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ज्वाली नाला के पीछे मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर पप्पू खटीक पिता बाबूलाल खटीक, उम्र 35 वर्ष, निवासी डीपी कॉलेज के पीछे टिकरापारा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 240 कैप्सूल और 80 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 533/26, धारा 20(A), 21(B), 22(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की आगे की कड़ियों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
