बिलासपुर में कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार के सामने पारिवारिक विवाद ने उस वक्त हंगामे का रूप ले लिया, जब ननद और भाभी के बीच सड़क पर जमकर हाथापाई हो गई। ऑटो से सूटकेस उतारने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि अकलतरा क्षेत्र की युवती ने सकरी-परसदा निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में विवाद होने लगा और पति व ससुराल पक्ष से प्रताड़ना के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। मायके वालों से भी संबंध टूटने के कारण महिला बच्चों को कुछ समय के लिए पति और सास के पास छोड़ने पहुंची थी।

महिला के अनुसार, बच्चों को छोड़कर जब वह ऑटो से वापस लौट रही थी, तभी उसकी ननद भी ऑटो में सवार हो गई। कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार के पास महिला जैसे ही अपना सूटकेस उतारने लगी, दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख ऑटो चालक ने दोनों को सड़क पर उतार दिया।

इसी दौरान बाइक सवार दो युवक बच्चों को सड़क पर छोड़कर वहां से चले गए। महिला बच्चों को संभालने लगी, तभी आरोप है कि ननद ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों के बीच सड़क पर काफी देर तक हाथापाई होती रही। बाद में ननद दूसरे ऑटो से वहां से चली गई।

महिला ने आरोप लगाया है कि बच्चों को सड़क पर छोड़कर जाने वालों में उसका पति भी शामिल था। घटना के बाद दो मासूम बच्चों को लेकर महिला की परेशानी और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कलेक्टोरेट के सामने हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
