विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में द्वितीय ‘एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खदानों और परिचालन गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक तकनीकी संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक तकनीकी योजना/परियोजना (अतिरिक्त प्रभार) नृपेंद्र नाथ सहित अधिकारी, कर्मचारी, श्रमसंघ एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। खनन क्षेत्र में कार्यरत श्रमवीर अपने कौशल और मेहनत से देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी का कोयला श्रमिकों के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।

स्वच्छता ही सेवा और स्पेशल कैम्पेन 6.0 के तहत एसईसीएल में स्वच्छता और कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। अभियान के तहत स्वच्छता के साथ लंबित मामलों के निपटारे, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्थान के बेहतर उपयोग और ई-वेस्ट प्रबंधन जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
