धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों पर सरकंडा पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़ और बड़ा चाकू बरामद किया है।

पहले मामले में अशोक नगर राजस्व कॉलोनी चौक मेन रोड के पास राजा बाबू श्रीवास (30), निवासी बड़ी कोनी को चापड़ लेकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़ जब्त किया गया। वहीं दूसरे मामले में चिंगराजपारा सूर्या चौक के पास पूरन नेताम उर्फ बड़े छोटे (23), निवासी दुर्गा नगर लिंगियाडीह को धारदार चाकू लेकर आतंक फैलाते पकड़ा गया। उसके पास से बड़ा चाकू बरामद किया गया।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
