बिलासपुर के मोपका चौकी क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से रकम ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोपी सुमित केवट ने एनटीपीसी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अलग-अलग लोगों से हजारों रुपये लिए और शैक्षणिक दस्तावेज भी हासिल किए।
पुलिस के मुताबिक लगरा निवासी रथ लाल लहरी ने 14 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने वर्ष 2025 में एनटीपीसी में नौकरी लगवाने की बात कहकर उससे 50 हजार रुपये की मांग की थी। भरोसे में आकर रथ लाल ने 34 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दे दिए और अपने आईटीआई व स्कूल के प्रमाण पत्र भी सौंप दिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फरहदा निवासी विमल केवट से 65 हजार रुपये, कंचनपुर निवासी ईश्वर केवट से 50 हजार रुपये, संजय केवट से 40 हजार रुपये तथा लगरा निवासी सूर्य प्रकाश केवट से 24 हजार रुपये नौकरी लगाने के नाम पर लिए थे। इस तरह पांच लोगों से कुल 2 लाख 13 हजार रुपये लेने की बात सामने आई है।
शिकायत के आधार पर मोपका चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1322/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी सुमित केवट पिता राजकुमार केवट, उम्र 28 वर्ष, निवासी लगरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
