सरकंडा इलाके में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अलग-अलग दिनों में स्कूटी और मोटरसाइकिल जलाने की दोनों वारदातों के पीछे एक ही आरोपी था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की रात सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित किराए के मकान के बाहर खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आगजनी में स्कूटी सहित अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1288/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इसके बाद 13 सितंबर की रात बंधवापारा निवासी नफीस खान से शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा नफीस की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल CG 10 EE 7267 चोरी कर भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर आग के हवाले कर दिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 1320/2026 दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस (29) निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 13 सितंबर को नफीस की मोटरसाइकिल चोरी कर जलाने तथा 10 सितंबर को गौरी देवांगन की स्कूटी में बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात कबूल की। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
