बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में काम करने वाले ठेका श्रमिक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में सीपत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को ठेका श्रमिक असहद अली काम खत्म करने के बाद सब्जी लेकर ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड पर चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
शिकायत के बाद सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी (18 वर्ष 2 माह) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने तीन अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर श्रमिक से मारपीट करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मामले में समीर सारथी सहित दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया तथा एक अपचारी बालक से धारदार हथियार बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
