बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी (30) निवासी ग्राम सैदा, थाना सकरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच महिला अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके कमरे में घुस गया और बुरी नीयत से महिला के शरीर को छूने लगा। नींद खुलने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा घटना करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
