15 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में विश्व हिंदू परिषद बिलासपुर और रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल रायपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों संस्थाओं के बीच हुई कम्युनिटी मीटिंग में शहर के साथ-साथ ग्रामीण एवं जरूरतमंद क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल के कैंसर एवं ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर संस्थान में उपलब्ध आधुनिक उपचार सुविधाओं, चिकित्सा तकनीक और उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। वहीं विहिप की ओर से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

विहिप बिलासपुर के जिला सेवा प्रमुख नीरज जग्यासी ने जनसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों, बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की आवश्यकता बताई। इस पर रामकृष्ण CARE हॉस्पिटल की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर लगाने का सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के पूरे प्रांत के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) की दिशा में भी सकारात्मक चर्चा हुई। इसके माध्यम से विहिप सदस्यों और जरूरतमंद लोगों को कैंसर सहित अन्य बीमारियों के उपचार में विशेष रियायत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया गया। इस पहल को स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में दोनों संस्थाओं के बीच नए सहयोग की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
