13 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर बेमेतरा विशेष
बेमेतरा पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़ा और मोबाइल फोन समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में शामिल फरार आरोपी की तलाश जारी है।
ग्राम ओड़िया में जांता मोड़ के पास संचालित शिवा मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में 30 अगस्त की रात चोरी हुई थी। दुकान संचालक बलराम साहू 30 अगस्त की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। 2 सितंबर की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला गायब मिला। अंदर जांच करने पर रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल, चार्जर, स्पीकर, पेनड्राइव और गल्ले में रखे 2 हजार रुपये नकद, कुल करीब 15 हजार रुपये का सामान गायब मिला।
शिकायत पर खण्डसरा चौकी पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर टीम ने संदेहियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान राहुल सारथी (19), निवासी कवर्धा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान का ताला तोड़कर 6 मोबाइल सेट और नकदी चोरी करना स्वीकार किया।
जांच में चोरी किए गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का कबीरधाम जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में जब्त होना भी सामने आया। राहुल सारथी को 12 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।
