13 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बाल भवन से कंप्यूटर उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। इमलीभाठा स्थित मितवा संस्था के बाल भवन में 10 सितंबर की रात से 11 सितंबर की सुबह के बीच चोरी की वारदात हुई थी।

कतियापारा जूना बिलासपुर निवासी स्वाति गुप्ता ने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते बाल भवन के अंदर दाखिल हुआ और Lenovo का मॉनिटर, ACER का मॉनिटर, माउस तथा एक्सटेंशन बॉक्स चोरी कर ले गया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई।

रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1302/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संदेहियों और आसपास के इलाकों में सुराग जुटाए। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में बालक ने खिड़की के रास्ते बाल भवन में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दो मॉनिटर, माउस और एक्सटेंशन बॉक्स समेत करीब 30 हजार रुपये का पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
