13 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
सरकंडा पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर एक्टिवा स्कूटी चोरी करने वाले 19 वर्षीय आरोपी कान्हा पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 70 हजार रुपये कीमत की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, जोरापारा चौबे कॉलोनी अटल आवास निवासी प्रीति यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात से 7 सितंबर की सुबह के बीच अज्ञात चोर मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर खड़ी एक्टिवा क्रमांक CG 10 BW 9754 चोरी कर ले गया। मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1301/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इमलीभाठा निवासी कान्हा पटेल चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की स्कूटी अपने साथी सुमित ठाकुर से मिलने की बात स्वीकार की। पहचान छिपाने के लिए स्कूटी की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी गई थी और वाहन को इमलीभाठा बॉम्बे आवास के नीचे छिपाकर रखा गया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूटी बरामद कर सशक्त एप के माध्यम से वाहन की चोरी की पुष्टि की और जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले के सह-आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, दिवाकर वर्मा तथा आरक्षक संजीव जांगड़े, विवेक राय और आफाक खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
