13 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के निदेशक (तकनीकी) श्री नृपेंद्र नाथ ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी)–योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया है। 12 सितंबर 2026 को पदभार संभालने पर एसईसीएल परिवार की ओर से उनका स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

पदभार ग्रहण करने के बाद श्री नृपेंद्र नाथ ने एसईसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री रमेश चंद्र महापात्र से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी मौजूद रहे।
श्री नृपेंद्र नाथ ने वर्ष 1988 में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एन.के. क्षेत्र से की और विश्व बैंक सहायता प्राप्त केडीएच परियोजना में करीब दो दशक तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

इसके बाद उन्होंने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न खदानों में परियोजना अधिकारी तथा सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक समेत कई अहम पदों पर कार्य किया।
उनके कार्यकाल में मगध-संघमित्रा क्षेत्र ने 20 मिलियन टन उत्पादन क्लब में स्थान बनाया। ऑस्ट्रेलिया में प्रशिक्षित सिमटार्स-प्रमाणित प्रशिक्षक के रूप में उन्होंने कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में खान सुरक्षा प्रशिक्षण और सुरक्षा प्रबंधन योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री नृपेंद्र नाथ को अंतरराष्ट्रीय खनन क्षेत्र का भी व्यापक अनुभव है। वर्ष 2024 में एजीटीएमपी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में उन्होंने कई यूरोपीय देशों का दौरा कर आधुनिक खनन तकनीकों और वैश्विक खनन प्रथाओं का अध्ययन किया। वर्तमान में वे सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी) हैं, जहां उन्होंने 31 अक्टूबर 2025 को पदभार ग्रहण किया था। खनन परिचालन, परियोजना क्रियान्वयन, योजना और खान सुरक्षा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए एसईसीएल में नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
