12 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 12 सितंबर। फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में रायगढ़ कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेक बाउंस के 15 अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी सरोज कुमार बेहरा को झारसुगुड़ा से गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के मामले में फरार हेमंत दास महंत को भी धरमजयगढ़ से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

कोतवाली पुलिस के अनुसार सरोज कुमार बेहरा के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रायगढ़ के न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत 15 मामले चल रहे थे। न्यायालय द्वारा समंस और गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बावजूद वह लगातार अनुपस्थित रहा, जिसके बाद उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए।

स्थायी वारंटियों की तलाश के दौरान पुलिस को सरोज बेहरा के झारसुगुड़ा में होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने झारसुगुड़ा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन फाइनेंस कराने के बाद किस्तों के भुगतान के लिए चेक जारी करता था। खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के बावजूद चेक जारी किए जाने के बाद वे बाउंस हो गए और संबंधित पक्षों ने न्यायालय में मामले दर्ज कराए।

इसी कार्रवाई में पुलिस ने चोरी के मामले में फरार स्थायी वारंटी हेमंत दास महंत को भी धरमजयगढ़ से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ दो स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक कमलेश यादव और आरक्षक प्रताप बेहरा की अहम भूमिका रही।
