12 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। राहगीरों को घेरकर मारपीट करने और मोबाइल व नकदी लूटने वाले गिरोह पर कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

पहली घटना 8 सितंबर को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन के पास हुई, जहां गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे और उसके साथी नरेश सिंह को आरोपियों ने घेरकर पैसे मांगे। रकम नहीं मिलने पर दोनों से मारपीट की गई और उनके मोबाइल लूट लिए गए। इसके बाद नरेश के मोबाइल से 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।

इसी रात रेलवे स्टेशन चौक के पास दूसरी वारदात में गेल्वे कंपनी के ही सेल्समैन आर्यन बंजारे को 6-7 युवकों ने घेरकर मारपीट की और उसका रेडमी मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में आधार कार्ड और पैन कार्ड रखे थे।
दोनों मामलों की जांच में पुलिस को किरोड़ीमलनगर क्षेत्र में सक्रिय गिरोह की जानकारी मिली। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आरोपियों से 3 मोबाइल, 1000 रुपये नकद, एक जावा और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। मामले में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर लूट की धाराओं में संशोधन कर धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
