12 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के देवनंदन नगर फेस-2 में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब ₹70 हजार का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी श्याम बिहारी गुप्ता ने 9 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे परिवार के साथ मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे उठने पर घर के कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर और ₹6 हजार नकदी गायब मिले।
रिपोर्ट पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1285/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(3), 305-ए में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने संदेही नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का करीब ₹70 हजार का पूरा मशरूका बरामद कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, भूनेश्वरी मरावी तथा आरक्षक संजीव जांगड़े, आफाक खान और विवेक राय की सराहनीय भूमिका रही।
