10 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में पड़ोसी के घर से गुल्लक तोड़कर ₹33 हजार चोरी करने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर एक युवक और नाबालिग को पकड़ लिया। आरोपियों ने चोरी की रकम से मोबाइल खरीदे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया नीलम श्यामले 6 से 10 अगस्त के बीच घर से बाहर थीं। इसी दौरान किसी ने दरवाजा धक्का देकर घर में प्रवेश किया और गुल्लक तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर गौरव श्यामले, निवासी मदनपुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी की ₹33 हजार की रकम आपस में बांटकर मोबाइल खरीदे और कुछ रकम खर्च कर दी। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी गौरव श्यामले और नाबालिग को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सउनि पवन सिंह सहित आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
