10 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर में कई दिनों से भटक रहे करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग को आखिरकार सहारा मिल गया। शहर में अकेले भटक रहे बिश्नुलाल की हालत की जानकारी मिलने पर समाजसेवी अलीम अंसारी और उनकी टीम ने तत्काल मदद का हाथ बढ़ाया।

अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य गुलाम मोईनुद्दीन की सूचना पर अलीम अंसारी बुजुर्ग के पास पहुंचे। टीम ने पहले उन्हें भोजन, कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई।

पूछताछ में बुजुर्ग की पहचान बिश्नुलाल के रूप में हुई, जो सिपत-बिलौदा क्षेत्र के निवासी बताए गए। स्थानीय डॉक्टर से संपर्क कर पहचान की पुष्टि भी की गई।

इसके बाद अलीम अंसारी ने संस्था के सदस्य तनवीर शादाब के साथ बुजुर्ग को वाहन से सिपत-बिलौदा पहुंचाया और उन्हें बलौदा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

कई दिनों से अपनों की तलाश में भटक रहे बुजुर्ग को सुरक्षित उसके क्षेत्र तक पहुंचाने की यह पहल इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने लाती है, जहां मदद के लिए सिर्फ संवेदना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का जज्बा भी जरूरी है।
