10 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। कापू थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णमोहन यादव (34) निवासी पुटुकछार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को ग्राम डुमरनारा में जन्माष्टमी उत्सव के दौरान आरोपी ने महिला को अकेला पाकर उसका हाथ-बांह पकड़कर खींचतान करते हुए छेड़खानी की। सामाजिक बदनामी के डर से महिला ने तत्काल शिकायत नहीं की और परिवार से चर्चा के बाद 8 सितंबर को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने अपराध दर्ज कर महिला पुलिस अधिकारी से पीड़िता का कथन दर्ज कराया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम सुपकालो स्थित उसके रिश्तेदार के घर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी छिपने का प्रयास कर रहा था, जिसे टीम ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
