10 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर रायगढ़ विशेष
रायगढ़। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में सतीष चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी बरपाली नवाडीह को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसके बताए स्थान से 6,30,286 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।

23-24 अगस्त की दरम्यानी रात आरोपी ने तेज बारिश का फायदा उठाकर संतोष किराना दुकान और गोकुलचंद मामराज किराना दुकान की टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। दोनों दुकानों से लाखों रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के, चांदी का बिस्किट और किराना सामान चोरी किया गया था।

मामले की जांच में पुलिस और साइबर टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद संदिग्ध की पहचान सतीष चौहान के रूप में हुई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया था। तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन नागपुर में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उसे चिचोला बस स्टैंड, राजनांदगांव से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की रकम से उसने 19,300 रुपये का सैमसंग मोबाइल खरीदा और करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने तथा खाने-पीने में खर्च किए।

पुलिस ने आरोपी से 2,64,146 रुपये नगद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी जिसकी अनुमानित कीमत 3,46,840 रुपये, सैमसंग मोबाइल और चोरी के दौरान इस्तेमाल किया गया गमछा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आरोपी कितना भी दूर भागे, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।
मामले के खुलासे और बरामदगी में घरघोड़ा थाना, साइबर थाना और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
