09 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/ SECL
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में श्री रमेश चंद्र महापात्र ने निदेशक (तकनीकी-संचालन) का पदभार संभाल लिया है। उन्हें निदेशक (तकनीकी)-परियोजना एवं योजना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने विभागाध्यक्षों और क्षेत्रीय महाप्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक कर उत्पादन, खनन संचालन, परियोजनाओं और तकनीकी गतिविधियों की स्थिति जानी। उन्होंने कंपनी की प्रमुख परिचालन प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की।
तीन दशक से ज्यादा का खनन अनुभव:श्री महापात्र को खनन क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के झांझरा क्षेत्र में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

आईआईटी-बीएचयू से खनन अभियांत्रिकी की डिग्री हासिल करने वाले महापात्र ने मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए भी किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एसईसीएल के कोरबा क्षेत्र स्थित सूराकछार कोलियरी से की थी।
अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न भूमिगत एवं खुली खदान परियोजनाओं का नेतृत्व किया। उत्पादन वृद्धि, आधुनिक खनन तकनीक, परियोजना प्रबंधन और पुनर्वास जैसे मामलों में उनका व्यापक अनुभव रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी वे भारतीय कोयला क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी नई जिम्मेदारी से एसईसीएल में उत्पादन, तकनीकी उन्नयन और परियोजना क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
