08 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 8 सितम्बर 2026। केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंदियों के आध्यात्मिक एवं मानसिक उत्थान और सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा विशेष आध्यात्मिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संतोषी एवं ब्रह्माकुमारी मनस्वी ने करीब 100 बंदियों को आत्मचिंतन, मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया। उन्होंने बंदियों को क्रोध, नकारात्मक विचारों और बुरी आदतों से दूर रहकर अनुशासित एवं सदाचारी जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
बंदियों को अतीत की गलतियों से सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाने और जेल से बाहर निकलने के बाद समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
जेल प्रशासन ने कहा कि ऐसे रचनात्मक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम बंदियों के सुधार, पुनर्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपराधमुक्त और बेहतर जीवन की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिली।
