07 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर बेमेतरा विशेष
बेमेतरा। साजा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के सामने विवाद के दौरान युवक पर धारदार चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू को गिरफ्तार किया है। घटना में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल था, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर की शाम साजा शराब दुकान के सामने एक युवक को दूसरे व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखकर सुनीत साहू ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से उसके हाथ पर वार कर दिया। आरोपी के साथी ने भी चाकू से हमला किया, जिसमें पीड़ित की उंगली में चोट आई।
शिकायत पर साजा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
