06 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के इमलीभाठा में सूने मकान का ताला तोड़कर टीवी, मिक्सी, डीवीडी, बफर स्पीकर और पीतल के बर्तन चोरी करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 हजार रुपये का चोरी का सामान शत-प्रतिशत बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इमलीभाठा निवासी शिवशंकर जगत 28 अगस्त को परिवार के साथ राखी मनाने तखतपुर गए थे। 29 अगस्त की शाम वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर का सामान गायब था। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इमलीभाठा निवासी शनी राव (24) चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने नशे की लत के कारण 28 अगस्त की देर रात करीब 2 से 2:30 बजे मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी बोरी से क्राउन कंपनी की टीवी, दो मिक्सी, तीन डीवीडी, छोटे-बड़े बफर स्पीकर, दो पीतल की थाली और एक पौना बरामद किया गया।
आरोपी शनी राव के खिलाफ अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
