05 सितम्बर 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:गणेश उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में गणेश पूजा आयोजन समितियों की बैठक लेकर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
आयोजन समितियों को पंडाल बनाने से पहले प्रशासन से अनुमति लेने, आम रास्तों और व्यस्त स्थानों पर पंडाल नहीं लगाने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार उपयोग करने और पंडालों में सुरक्षा गार्ड व स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान आम लोगों के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ सामाजिक मर्यादा बनाए रखने तथा किसी भी विवाद या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
पंडालों में समिति सदस्यों की सूची, संबंधित थाना और पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर के साथ डायल-112 और 108 की जानकारी प्रदर्शित करने को कहा गया। इसके अलावा हेलमेट और साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता वाले बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में 100 से अधिक गणेश उत्सव समिति के सदस्य और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आने वाले दिनों में समितियों के साथ एक और बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
