28 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में साइंस कॉलेज से शनिचरी बाजार जाने वाले मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को सिम्स अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले इसी नाले के पास एक व्यक्ति को शराब के नशे में बैठे हुए देखा गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नाले से बरामद शव उसी व्यक्ति का हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।
सरकंडा पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
